निवाड़ी। फारुक अली।आमजन की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद ने की। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए गए।
पृथ्वीपुर के फरियादियों से VC के जरिए सीधा संवाद
जनसुनवाई में प्रशासन ने नई पहल करते हुए पृथ्वीपुर तहसील कार्यालय में भी संयुक्त जनसुनवाई आयोजित की। अपर कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पृथ्वीपुर में मौजूद आवेदकों से सीधे संवाद किया और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।
संयुक्त जनसुनवाई में कुल 68 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
जांच के मामलों में निष्पक्षता के निर्देश
अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और शिकायतों का अतिशीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से जांच से जुड़े मामलों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जांच की जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतों के समाधान तक उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी की जाए।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल कुमार तलैया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और विभागीय अमला मौजूद रहा। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशासन की इस पहल से पृथ्वीपुर क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचे बिना ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला।



0 टिप्पणियाँ