निवाड़ी। जिला चिकित्सालय निवाड़ी में नवजात बच्ची की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 2 सितंबर की रात करीब 2 बजे राउंड के दौरान डॉक्टर सूर्य प्रताप को वार्ड में भर्ती नवजात बच्ची नहीं मिली। मां से जानकारी लेने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद अस्पताल चौकी पुलिस और वरिष्ठ चिकित्सकों को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। करीब दो घंटे बाद, सुबह 4 बजे परिजन बच्ची को लेकर अस्पताल वापस पहुंचे।
पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वे बिना अस्पताल प्रबंधन को सूचना दिए नवजात को देवी-देवताओं के दर्शन कराने के लिए अपने साथ ले गए थे।
वहीं, बच्ची को बेचने की तैयारी किए जाने जैसी चर्चाएं भी सामने आई हैं, लेकिन इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस दावे की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और नवजातों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल जांच के बाद ही यह साफ होगा कि नवजात को अस्पताल से बाहर ले जाने की परिस्थितियां क्या थीं और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई या नहीं।

0 टिप्पणियाँ