झांसी। सकरार थाना पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार 900 रुपये नकद समेत चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक स्कूटी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजना रैकवार, राजकुमार रैकवार और संदीप मोर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सकरार थाने में चोरी के चार, बरुआसागर थाने में एक और कटेरा थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, 50,900 रुपये नकद, हाइड्रोलिक कटर, प्लास, पेचकश, लोहे की एंगल, रेनकोट और वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर अलग-अलग चोरी के मुकदमों से संबंधित रकम और सामान भी बरामद किया गया है।
वहीं, पुलिस के मुताबिक आरोपी राजकुमार रैकवार का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ झांसी समेत कई जनपदों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार झांसी भेज दिया गया।
0 टिप्पणियाँ