ओरछा में होने जा रही भव्य श्रीराम कथा! कलेक्टर-SP ने संभाला मोर्चा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

  •  ओरछा श्रीराम कथा 2026: 26 नवंबर से होगा सात दिवसीय आयोजन, कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण


 



निवाड़ी। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में आगामी 26 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहन सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कथा पंडाल, मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा और आयोजन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा तैयारियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर जमुना भिड़े ने कहा कि सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, पर्याप्त बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन और वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

वहीं कलेक्टर ने स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रीराम कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

अब ओरछा में श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

हमारे बारे में

DEVESH KUMAR GUPTA DIRECTOR NEWS 17TV