निवाडी/जुगयाई। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में शासकीय हाई स्कूल जुगयाई में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा दसवीं की छात्राएं अक्षरा, अंशिका और आकांक्षा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। उनकी मधुर प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके पश्चात कक्षा दसवीं की छात्रा कुमारी आकांक्षा कुशवाहा ने कविता के माध्यम से गुरु की महिमा का सुंदर वर्णन किया, जिसे सभी ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक उमेश तिवारी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शिक्षक प्रदीप यादव ने कहानी के माध्यम से परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए समर्पण और अनुशासन का महत्व समझाया, जिसे छात्र-छात्राओं ने बड़े ध्यान से सुना और आत्मसात किया।
इस अवसर पर गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले, अनुशासन का पालन करने वाले तथा स्वच्छ गणवेश में आने वाले लगभग 80 छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर प्राचार्य व्ही.के. पुरोहित ने सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे गर्व से खिल उठे।
कार्यक्रम में शिक्षक दिनेश गुप्ता, संदीप नायक, नितिन शर्मा, आकांक्षा निखर और मयूरी चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
वार्षिक उत्सव के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया तथा विद्यालय परिवार के लिए यह दिन यादगार बन गया।
0 टिप्पणियाँ