टीकमगढ़। जिले के सरकारी स्कूलों में लागू ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था इन दिनों शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या के चलते शिक्षक समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा पा रहे हैं। स्थिति यह है कि नेटवर्क पकड़ने के लिए शिक्षकों को स्कूल परिसर से बाहर तक जाना पड़ रहा है।
ऐसा ही मामला शासकीय हाई स्कूल खरों में सामने आया, जहां ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने के लिए एक अतिथि शिक्षक को पेड़ पर चढ़कर मोबाइल में नेटवर्क तलाशना पड़ा। शिक्षक ने बताया कि शिक्षक पोर्टल ऐप पर दूसरी पारी की उपस्थिति दर्ज करने के दौरान नेटवर्क नहीं मिल रहा था। काफी प्रयास के बाद भी जब कनेक्टिविटी नहीं मिली तो मजबूरी में पेड़ पर चढ़कर नेटवर्क पकड़ने की कोशिश करनी पड़ी।
शिक्षकों का कहना है कि जिले के कई ग्रामीण स्कूलों में मोबाइल नेटवर्क बेहद कमजोर है। इसके कारण निर्धारित समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती। शिक्षकों को आशंका है कि तकनीकी कारणों से हाजिरी दर्ज नहीं होने पर कहीं वेतन कटौती जैसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
शिक्षकों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि नेटवर्क विहीन और कमजोर नेटवर्क वाले स्कूलों को चिन्हित कर ऑनलाइन हाजिरी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि तकनीकी खामी की जिम्मेदारी शिक्षकों पर डालने के बजाय विभाग को व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए।
रिपोर्ट: जमील खान, टीकमगढ़
0 टिप्पणियाँ