**जन आक्रोश यात्रा के दौरान विशाल जनसभा का होगा आयोजन**
निवाड़ी। पीसीसी डेलीगेट एवं जन आक्रोश यात्रा के जिला प्रभारी रजनीश पटेरिया ने बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष माननीय कमलनाथ जी के निर्देश पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बुंदेलखंड के प्रभारी अरुण यादव के नेतृत्व में जन आक्रोश यात्रा आज 26 सितंबर को निवाड़ी में प्रवेश कर रही है।
जन आक्रोश यात्रा में शामिल हो रहे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ,यात्रा प्रभारी अरुण यादव एवं राष्ट्रीय सचिव सी.पी मित्तल प्रातः श्री रामराजा सरकार के दर्शनकर ओरछा में स्वागत कार्यक्रम के पश्चात निवाड़ी नगर में सुबह 10:00 बजे पहुंचकर मुख्य बाजार से होते हुए क्रमांक 2 के मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के पश्चात जिला कांग्रेस कार्यालय पर भव्य स्वागत कार्यक्रम एवं प्रेसवार्ता का आयोजन होकर कुलुआ,राजापुर, एवं लडवारी में होते हुए जन आक्रोश यात्रा पृथ्वीपुर विधानसभा में प्रवेश करेगी।
जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह दांगी के नेतृत्व में समस्त कांग्रेस संगठन एवं नेताओं के द्वारा जन आक्रोश यात्रा को लेकर व्यापक रूप से तैयारियां की गई है।
जन आक्रोश यात्रा लेकर आ रहे बुंदेलखंड के प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव एवं मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश के सहप्रभारी सी.पी मित्तल सहित कांग्रेस के विधायक गण एवं प्रदेश के तमाम नेतागण उपस्थित रहेंगे।
जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह दांगी ने बताया कि प्रदेश में पिछले 18 वर्षों से भाजपा की जनविरोधी सरकार के कारण महंगाई, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और तानाशाही चरम पर पहुंच गई है। इस सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के जीवन को बदतर बना दिया है। सरकारी कार्यों में 50 प्रतिशत कमीशन लेने वाले नेता और ठेकेदारों का साम्राज्य अपनी जड़ें जमा चुका है। भर्ती के नाम पर घोटाले करने वाली इस सरकार ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। प्रदेश की जनता ने इस निरंकुश सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए अपने आक्रोश को औजार बनाया है। जनता के इसी आक्रोश के साथ कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार को विदा करने वाली है।
0 टिप्पणियाँ